सोनभद्र/चोपन। चोपन-चुनार प्रखंड के अगोरी और चुर्क रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार की शाम रेलवे ट्रैक से जुड़े कार्य के दौरान ट्रैक मेंटेन मशीन (पीक्यूआर) पटरी से उतर गई। इससे चोपन-चुनार रूट पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। इसके चलते स्वर्णजयंती एक्सप्रेस को चुर्क में रोक दिया गया है। वहीं त्रिवेणी एक्सप्रेस चोपन स्टेशन पर खड़ी कर दी गई है। खबर मिलते ही रेलवे महकमे के अफसर मौके पर पहुंचे गए और आवागमन बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद डिवीजन अंतर्गत चोपन-चुनार रेलवे रूट के विद्युतीकरण और उसके हिसाब से रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने का काम तेजी से जारी है। दिसंबर तक कार्य को पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। इसको देखते हुए संबंधित रात-दिन एक किए हुए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भी अगोरी-चुर्क के बीच काम जारी था। बताते हैं कि शाम चार बजे के बीच ट्रैक मेंटेन मशीन पटरी से उतर गई। सिंगल लाइन का ट्रैक होने के कारण चोपन से इलाहाबाद के लिए आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। आठ घंटे देर से पहुंची स्वर्णजयंती एक्सप्रेस को चुर्क में रोक दिया गया। वहीं लखनऊ-बरेली जाने के लिए शाम छह बजे चोपन पहुंची त्रिवेणी एक्सप्रेस को भी चोपन में ही रोक दिया गया। ट्रेन रुकने से जहां यात्रियों में अफरातफरी की स्थिति बनी रही। वहीं रेलवे प्रशासन में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन अधीक्षक आरएन सारस्वत ने बताया कि आवागमन जल्द बहाल हो, इसके लिए युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी है।