शिवद्वार में उमा माहेश्वर को जलाभिषेक के लिए पहुंचे कांवरियां।
श्रावण के तीसरे सोमवार को ऊर्जांचल के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए रविवार की शाम सड़कों पर कांवरियों का रेला उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव, बोल बम, बाबा तू ही एक सहारा है.. के नारों से ऊर्जांचल गूंज उठा। नाचते-गाते हुए कांवरियों का जत्था देर शाम को औड़ी पहाड़ी के हनुमान मंदिर के पास स्थित टिप्पा झरिया पहुंचा और यहां से जल भरकर वापस गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
काशी मोड़ स्थित पंचमुखी महादेव, बीना के कोहरौल स्थित प्राचीन शिव मंदिर, शक्तिनगर स्थित सक्तेश्वर महादेव मंदिर स्थित शिवलिंग के जलाभिषेक के लिए कांवरियों का जत्था केसरिया कपड़े में सड़क पर उतरा तो हर ओर हर-हर महादेव की गूंज सुनाई देने लगी।
इस दौरान कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। लोगों ने भी कांवरियों का जमकर उत्साह बढ़ाया। अनपरा, डिबुलगंज, परासी, गरबंधा, औड़ी से सैकड़ों कांवरिए रविवार की शाम नाचते-गाते हुए औड़ी पहाड़ी वाले हनुमान मंदिर के पास स्थित टिप्पा झरिया के लिए प्रस्थान किए।