जिले में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद का चुनाव चरम सीमा पर पहुंच गया है। प्रत्याशी वोटरों को खुद के पाले में करने के लिए यथासंभव धन खर्च कर रहे हैं।
कई प्रत्याशियों ने पांच सौ रुपये प्रति वोट रेट खोल दिया है। गुरुवार को राबर्ट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी, बढ़ौली, उरमौरा, बहुअरा समेत अन्य गांव में पुलिस ने वोटरों को रुपये वितरित करने वालों को दबोचने के लिए छापेमारी की। लेकिन कोई नोट देने वाला नहीं मिला।
गुरुवार को पूरे दिन राबट्र्सगंज और नगवां ब्लाँक के अंतर्गत आने वाले थानों का फोन घनघनाता रहा। अक्सर थानों के बेसिक फोन पर सूचना मिल रही थी कुछ प्रत्याशी रुपया, साड़ी समेत अन्य सामग्र्री वितरित करते रहे।
सुबह करीब नौ बजे राबट्र्सगंज कोतवाल अबरार अहमद को सूचना मिली कि कम्हारी, बढ़ौली, उरमौरा, बहुअरा, लोढ़ी गांव में कुछ प्रत्याशी आचार आदर्श संहिता का उलघंन करते हुए प्रचार कर रहे हैं।
इतना ही नहीं एक-दो प्रत्याशी पांच-पांच सौ रुपये प्रति वोट रेट तक खोल दिया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल ने सब इंस्पेक्टर बेचू यादव, राहुल सिंह, विजय शंकर यादव, संजय कुमार, शेष कुमार शर्मा को फोर्स के साथ अलग-अलग जिन गांवों में शिकायत मिली थी वहां भेजा, लेकिन कोई प्रत्याशी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
इस दौरान पुलिस ने सरकारी भवनों पर लगे पोस्टरों और होर्डिंगों को उतरवा दिया। कोतवाल ने बताया कि प्रत्याशियों के क्रियाकलापों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बता दें कि पहले चरण में राबर्ट्र्सगंज और नगवां ब्लाक में प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद पर भाग्य आजमाने वाले प्रत्याशियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
अधिकांश प्रधान पद के प्रत्याशी पानी की तरह धन खर्च कर रहे हैं। रामगढ़ प्रतिनिध के अनुसार पन्नूगंज थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह चंदेल, रायपुर थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने भी कई गांवों में छापेमारी की।
घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार घोरावल एसडीएम कैलाश सिंह और कोतवाल आरके पांडेय ने चौथे चरण मेें नौ दिसंबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।