ग्रेड वेतन दो हजार से बढ़ाकर 2800 करने समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को राबर्ट्सगंज तहसील में राजस्व संग्रह अमीन संघ के बैनर तले अमीनों ने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन पर जायज मांगों को पूर्ण करने में हिलाहवाली करने का आरोप लगाया। नियमानुसार अमीनों को नायब तहसीलदार के पद पर प्रमोशन देने की मांग की।
सुबह करीब दस बजे तहसील में मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए अमीनों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अमरनाथ पाठक ने कहा कि संवर्ग की प्रोन्नति पूर्व की भांति नायब तहसीलदार पद हो और संवर्ग पद का नाम परिवर्तित कर राजस्व संग्रह अधिकारी किया जाए। कहा कि अमीनों के जायज मांगों को पूर्ण करने में हिलाहवाली की जा रही है, इसे संगठन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। वक्ताओं ने कहा कि हक की लड़ाई लड़ने के लिए अमीन तैयार हैै। जरूरत पड़ने पर वृहद आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी, मुरली देव पांडेय, गोपाल यादव, आशाराम, सतेंद्र पाठक, उमाशंकर मिश्रा, शिव गोविंद गिरी आदि मौजूद रहे।
दुद्धी में अमीन संघ ने तहसील परिसर के रामलीला मंच पर मंगलवार को सात सूत्री मांग को लेकर दो दिवसीय धरने पर बैठ गए। कार्य बहिष्कार कर संग्रह अमीन संघ ने मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। धरने पर सुनील सिंह, रामरोरी, राजकुमार, रामप्रवेश सिंह, रघुबीर, सुरेंद्र कुमार, चंद्रमणी, रविंद्र आदि रहे।