नक्सल प्रभावित नगवां ब्लाक अंतर्गत मांची के ग्रामीणों ने रविवार को संयुक्त वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष का चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए चार दिन पूर्व वन विभाग की ओर से कराए गए चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। हालांकि वन विभाग के एसडीओ पीके सिन्हा ने गड़बड़ी की शिकायत पर चुनाव को निरस्त कर दिया है। लेकिन अभी तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं की है।
मांची के ग्राम प्रधान विजय कुमार ने बताया कि चार दिन पूर्व कराए गए चुनाव में पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। लेकिन वन विभाग की टीम की ओर से चुनाव में गड़बड़ी की गई है। चुनाव निरस्त करने के बावजूद भी अभी तक चुनाव कराने की तिथि घोषित नहीं की गई है। बीडीसी लाल बहादुर का कहना है कि वन विभाग निष्पक्ष चुनाव कराए। मुहम्मद अली और रामवृक्ष का कहना है कि मनमाने ढंग से अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया था, जिसे ग्रामीणों ने मानने से इनकार कर दिया। विजय प्रजापति और सुरेंद्र का कहना है कि मनमाने ढंग से चुनाव को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विंदू और कमलेश का कहना है कि पांच कार्यकाल समाप्त हो चुका है। ऐसे में यथाशिघ्र चुनाव कराया जाना चाहिए। बालेंद्रर और भुनेश्वर का कहना है कि जब तक चुनाव नहीं कराया जाता है तब तक ग्रामीण चुप नहीं बैठने वाले हैं।
प्रदर्शन करने वालों में कंता, पारस, रामचंद्र, रामलखन, सुबराती, सबजुल, दिनानाथ, हातिम अली, रामरक्षा, राजधानी, शंकर गुजर, कौशल, पप्पू, भरत, रामअवध आदि लोग शामिल रहे।