पिपरी व रेणुकूट नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए शासन स्तर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्र में तीन स्थानों पर अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर) खोले गए हैं।
रेणुकूट नगर पंचायत क्षेत्र में दो अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। इनमें पहला मुर्धवा में राधाकृष्ण मंदिर के पास खोला गया है, जबकि दूसरा खाड़पाथर में सोनांचल स्कूल के सामने स्थापित किया गया है।
खाड़पाथर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में डॉक्टर विकास मिश्रा तैनात हैं। वहीं मुर्धवा स्थित केंद्र पर डॉक्टर रविंद्र की तैनाती हुई है। इसी प्रकार पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के न्यू मार्केट के पास अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में डॉक्टर धीरज अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इन केंद्रों पर आने वाले मरीजों को प्राथमिक जांच के साथ आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही हैं। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से रेणुकूट व पिपरी क्षेत्र के लोगों को अब बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूरदराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।