दुद्धी के लौआ नदी स्थित तीन ट्रकों की टक्कर में लगी जाम-सम्वाद
कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव स्थित लौआ नदी के पास नेशनल हाईवे-39 पर बृहस्पतिवार रात करीब 10:30 बजे तीन ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी के अनुसार, लौआ नदी के समीप एक पेट्रोल पंप के सामने एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था।
इसी दौरान दुद्धी से हाथीनाला की ओर जा रहा एक ट्रक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में पहले खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद वह पास से गुजर रहे दूसरे ट्रक से भी भिड़ गया, जिससे तीनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सभी चालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में एक चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजकर उपचार कराया गया। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू की।