डोडहर गांव के खैरी टोला स्थित झंडेश्वर महादेव मंदिर से घंटा चोरी करते तीन लोगों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पुलिस छानबीन में जुटी है।
गांव निवासी मंशाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बुधवार की शाम तीन संदिग्ध मंदिर में खिड़की के रास्ते से घुस गए। घंटा उतारकर वह बोरे में भर रहे थे इसी दौरान एक घंटे की तेज आवाज से लोगों का ध्यान उस ओर गया। शोर गुल मचाते हुए वह मंदिर में पहुंचे तो तीनों छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। ग्राम प्रधान के माध्यम से सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को थाने ले गई। पुलिस की पूछताछ में तीनों की पहचान छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के थाना चांदनी बिहारपुर निवासी अखिलेश, युकेश बसहोर और शकील अंसारी के रूप में हुई। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।