सोनभद्र। गांवों में सफाई व्यवस्था पर ध्यान न देने, ठीक से काम न करने के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिले के तीन सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं छह सफाई कर्मचारियों का जून माह का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। सफाई कर्मियों पर ठीक से नियंत्रण न कर पाने के कारण एक ग्राम पंचायत सचिव व एडीओ पंचायत राबर्ट्सगंज को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि बीते निरीक्षण किया गया तो पता चला कि कई गांवों में सफाई कर्मचारी ठीक से काम नहीं करते। सफाई कर्मियों द्वारा तैनाती वाले ग्राम में उपस्थित न रहना, नियमित रूप से गांव में न जाना व सफाई न करने के साथ ही पांच व छह जून केे विशेष सफाई अभियान में कार्य न करने के आरोप में वार गांव के सुरेश, छपका के रामकृपाल व चुर्क के राकेश महतो को निलंबित कर दिया गया है। इसी तरह सिल्थरी के रामजी, भरगवा के चिंटू विश्वकर्मा, भदोही के श्रीराम, मंगुुराही के सुनील कुमार, जोकाही के सुजीत सिंह, देवरी के ओम प्रकाश का वेतन रोका गया है। ग्राम पंचायत सचिव राकेश द्विवेदी व एडीओ पंचायत राबर्ट्सगंज कृपाशंकर शुक्ला को नोटिस दी गई है।