घोरावल। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को आरओ प्लांटों की जांच की। इस दौरान गड़बड़ी मिलने पर तीन प्लांट को सीज कर दिया। इनमें से घोरावल तहसील क्षेत्र में दो और राबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में एक वाटर प्लांट शामिल है।
विभाग को शिकायत मिल रही थी कि तमाम वाटर प्लांट बीआईएस (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) के मानकों के अनुरूप नहीं है। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए टीम ने सोमवार को दिन में करीब दो बजे शिवद्वार स्थित वाटर प्लांट मंगलम नीर पर जांच की। जांच में पाया गया कि वाटर प्लांट बीआईएस मानकों के अनुरूप नहीं है। विभाग से इसके लिए लाइसेंस भी नहीं लिया गया है। टीम ने प्लांट को सीज कर दिया। इसके बाद टीम दीवा गांव में वाटर प्लांट गंगोत्री नीर पर पहुंची। वहां भी पाया गया कि यह प्लांट बीआईएस के मानकों के अनुरूप नहीं है। न ही विभाग से उसका लाइसेंस लिया गया है। यहां से टीम ने पैक पानी का नमूना लिया, जिसे जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। जांच में मानक के अनुरूप न मिलने पर गंगोत्री नीर के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद टीम ने राबर्ट्सगंज स्थित वाटर प्लांट वनिता वाटर की जांच की।यह भी बीआईएस मानकों के अनुरूप नहीं था। इस प्लांट को भी अधिकारियों ने सीज कर दिया।