सलखन/कोन/दुद्धी(सोनभद्र)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में सर्पदंश की तीन घटनाएं सामने आईं। इसमें युवती और दो छात्राओं की मौत हो गई। चोपन थाना में चारपाई पर सो रही युवती को सांप ने डस लिया। कोन थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही सात वर्षीय छात्रा और कुड़वा गांव निवासी 18 साल की छात्रा की सर्पदंश से मौत हो गई।
चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा चौकी अंतर्गत मारकुंडी आदिवासी बस्ती चकरिया निवासी महेश बैगा की पुत्री सविता (19) बुधवार रात अपने घर में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक कराया, लेकिन हालत बिगड़ती देख सविता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांचीकला के टोला नरहटी में कमलेश कुमार चौधरी की पुत्री प्रिया कुमारी (7) बुधवार की शाम घर के सामने खेल रही थी। इसी दाैरान सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने बताया कि पहले उन्होंने घरेलू इलाज किया और बच्ची सो गई। लेकिन बृहस्पतिवार की सुबह प्रिया नहीं जगी। उसकी माैत हो गई।कोन पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। बताया गया कि प्रिया प्राथमिक विद्यालय तेनुईयादामर में कक्षा एक की छात्रा थी।
दुद्धी : कोन थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव निवासी 11वीं की छात्रा काजल यादव (18) बृहस्पतिवार की सुबह घर से काॅलेज जाने की तैयारी में जुटी थी। उसी समय पैर में सांप ने डस लिया। परिजन अस्पताल ले जाने लगे। कोन-विंढमगंज के बीच खराब सड़क की वजह से एक घंटे देर से सीएचसी पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने काजल को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मेमो के जरिये कोतवाली पुलिस को सूचित किया है।
दो महीने में 25 ने गंवाई जान, इलाज में देरी बनी वजह
सोनभद्र। बारिश शुरू होने के बाद जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार हो रही हैं। दो महीने में 25 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं। ज्यादातर मामलों में मौत की वजह इलाज में देरी और झाड़फूंक बनी है। दूरदराज के लोग अस्पताल पहुंचने के बजाए झाड़ फूंक कराने में लग जाते हैं। नतीजा देरी के चलते पीड़ित की जान चली जाती है। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि सर्प दंश होने पर बिना समय गंवाएं नजदीकी अस्पताल पहुंचकर एंटी स्नैक वेनम लगवाएं। सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है।
-
जिले में पिछले तीन साल में सर्पदंश से हुई मौत
2022-23: 63
2023-24: 69
2024-25: 62