अलग-अलग थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुए सड़क हादसे में दो युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई।राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव के पास मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे अज्ञात वाहन से सड़क पार कर रहे राजकुमार (30) पुत्र राम आशीष निवासी भथुआ थाना विश्रामपुर पलामू झारखंड की मौत हो गई। उधर हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सड़क पर खून से लथपथ शव होने की वजह से कुछ देर के लिए वनवे हो गया था। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक के जेब से मिले आईडी कार्ड से मृतक की शिनाख्त हुई। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के घरवालों को दी। दूसरी घटना लोढ़ी गांव के पास हुई। अज्ञात वाहन के धक्के से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार शुरू होने के दौरान राजेंद्र पांडेय (25) पुत्र नागेंद्र निवासी बुड़हर की मौत हो गर्ई। तीसरी घटना करमा थाना क्षेत्र के बिसहार गांव के समीप घटी। यहां भी अज्ञात वाहन के चपेट में आने से जवाहिर पुत्र शंकर निवासी बिसहार गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान जवाहिर ने भी दम तोड़ दिया। बता दें कि जिले में आए दिन हो रहे सड़क हादसे में लोग काल की गाल में समा रहे हैं।