‘भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश सरकार में जमीन कब्जा करने वालों और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हैै। पुलिस से अपराधी नहीं, बल्कि अपराधियों से पुलिस डर रही है। पूरे प्रदेश में माफियराज कायम है। बसपा सुप्रीमो मायावती दलितों का इस्तेमाल करती हैैं तो राहुल गांधी कांग्रेस की अंतिम यात्रा निकाल रहे हैं। यूपी में अधिकांश रेप की घटनाएं थानों में नहीं लिखी जाती है। उच्च न्यायालय का आदेश मिलने के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। ये बातें बुधवार की दोपहर राबर्ट्सगंज स्थित होटल में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्य ने कही।
केशव मौर्य ने कहा कि 2014 में लोस चुनाव की तरह 2017 में विस चुनाव में पार्टी की जीत होगी। लोस चुनाव के साथ अगर विस चुनाव हुआ होता तो जनता से झूठे वादे करने वाले अखिलेश सूबे के सीएम नहीं होते। कहा कि चुनाव में मोदी सरकार की सफलता और अखिलेश सरकार की विफलता एजेंडा होगा। केंद्र सरकार कई योजनाओं को सीएम यूपी में लागू नहीं होने दे रहे हैं। सपा सरकार में खनन और भूमाफिया करीब तीन लाख करोड़ रुपये की राजस्व की चोरी कर चुके हैं। सपा सरकार के कार्यकाल में निष्पक्ष ढंग से एक भी नियुक्ति नहीं हुई है। कहा कि विधान सभा चुनाव में भाजपा और सपा की लड़ाई रहेगी, बसपा पूरी तरह से साफ हो चुकी है।
कहा सपा दलितों का उत्पीड़न और बसपा उनका इस्तेमाल करती हैै। बुआ और भतीजे के कारण यूपी की जनता को काफी क्षति हुई हैै। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के लिए कार्य कर रहे हैं। सपा सरकार ने बेरोजगारों, किसानों, व्यापारियों को धोखा दिया है। मेधावियोें को लैपटॉप और किसानों को सूखा राहत का मुआवजा देने में भेदभाव किया गया। केंद्रीय नेतृत्व सीएम का उम्मीदवार तय करेगी। जल्द ही जिले के चारों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होगी।