म्योरपुर (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के पड़री ग्राम पंचायत के खन्ता टोले में 18 बकरियों की दो दिनों में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बकरियों का मांस खाने के बाद तीन कुत्तों की भी मौत हो गई।
पड़री ग्राम पंचायत के खन्ता टोले में दो दिनों के भीतर बृजमोहन की पांच, शालिकराम की 12 और महेंद्र की एक बकरी की मौत हो गई। पशुपालकों के अनुसार बकरियाें की नाक से झाग निकलने के घंटे भर बाद मौत हो जा रही है। दो दिनों में 18 बकरियों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि बकरियों का मांस खाने के बाद तीन कुत्तों की भी मौत हो गई है। एक बंदर की भी मौत हो गई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जमुना यादव ने बताया कि उन्होंने खुले में पशुओं को न छोड़ने की हिदायत दी है। पशु चिकित्सक को सूचना दे दी गई है। म्योरपुर राजकीय पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्सक विवेक सरोज का कहना है कि मंगलवार को वह मौके पर गए थे। टीकाकरण कराने के साथ ही दवा भी दी थी। कहा कि समूह में पशुओं को न छोड़ें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।