फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: सड़क हादसों में वृद्ध समेत तीन ने गंवाई जान

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे तमाम जागरुकता कार्यक्रमों के बावजूद हादसे नहीं थम रहे। पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में वृद्ध समेत तीन लोगों की जान चली गई। इसमें दो हादसों में मौत की वजह हेलमेट न होना थी। बाइक सवारों को हादसों में सिर पर गंभीर चोट आई और अस्पताल पहुंचने तक उनकी जान जा चुकी थी। वहीं एक अन्य हादसे में बाइक की तेज रफ्तार ने पैदल जा रहे वृद्ध को मौत की नींद सुला दी।
विज्ञापन

चार पहिया वाहन से टकराया बाइक सवार
विंढमगंज। रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झारखंड राज्य के धुरकी थाना अंतर्गत सोनडीहा दक्षिणी टोला गांव निवासी ज्योतिष पासवान (25) पुत्र बबलू पासवान अपने साथी राकेश पासवान के साथ बाइक से दुद्धी की ओर जा रहा था। इसी बीच विपरीत दिशा से तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ज्योतिष पासवान घायल हो गया। उसके साथी राकेश पासवान को भी चोट आई। दोनों घायलों को लोगों की मदद से दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ज्योतिष पासवान को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना घरवालों को दी गई है। उनकी तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाइक में टक्कर मारने वाले चार पहिया वाहन की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

पिकअप की चपेट में आया बाइक सवार दूध विक्रेता
म्योरपुर। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ के पास बुधवार की देर रात पिकअप की चपेट में आने से दूध विक्रेता की मौत हो गई। दूध बेचकर घर लौटते समय बाइक सवार पिकअप की चपेट में आ गया। हेलमेट न होने से उसे सिर में गम्भीर चोट आई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पिकअप चालक फरार है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला गांव निवासी रामजनम (55) दूध का व्यापार करता था। बुधवार की रात दूध बेचकर वह रेणुकूट से घर लौट रहा था। मुर्धवा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दूध विक्रेता को चपेट में ले लिया। सिर में गंभीर चोट लगने से रामजनम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और बाइक को भी कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया।
बाइक ने बुजुर्ग को मारा धक्का
ओबरा। रेणुकापर के पनारी ग्राम पंचायत अंतर्गत टोला खाड़र में बाइक के धक्के से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की है। पनारी के खाड़र निवासी छोटई यादव (65) अपने गांव के पास ही रोड पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें धक्का मार दिया, जिससे वो गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार फरार हो गया। परिजन इलाज के जिला अस्पताल ले गए, जहां देर शाम मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बाइक सवार की खोजबीन की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें