अनपरा। एनसीएल ककरी परियोजना के सीएचपी में आग लगने की घटना को परियोजना प्रबंधन के साथ शीर्ष प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है। घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रबंधन ने तीन फोरमैनों को निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बुधवार को मुख्यालय से आई टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी की।
विगत सोमवार रात साढे 12 बजे ककरी परियोजना के सीएचपी में अचानक आग लग गई थी। प्रबंधन के कुछ करने के पूर्व ही सीएचपी जल गया। समीपवर्ती चार परियोजनाओं से पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। घटना में करोड़ों रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। परियोजना प्रबंधन ने तत्काल कमेटी गठित कर जांच प्रारंभ कर दी है। मंगलवार तड़के एनसीएल के निदेशक तकनीकी डॉ. अनिद्य सिन्हा ने मौके का जायजा लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बुधवार को मुख्यालय से आई जांच टीम ने देर शाम तक संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ के बाद घटना के लिए जिम्मेदार तीन फोरमैन केबी राय, जोखन सिंह, सुरेंद्र कोरी को निलंबित कर दिया। इससे पूर्व मुख्यालय से आई टीम का नेतृत्व कर रहे जीएम सेफ्टी पीडी राठी व जीएम इएंडएम एसके वर्मा ने भी निलंबित फोरमैनों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि बियरिंग बाक्स जाम हो जाने के साथ ही लापरवाही से घटना हुई। कुछ और अधिकारियों के भी जांच की जद में आने की संभावना है।
एनसीएल के पीआरओ राम विजय सिह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ड्यूटी मे लापरवाही के आरोप में फोरमैन केबी राय, जोखन सिंह, सुरेंद्र कोरी को निलंबित कर दिया गया है। घटना के कारणो की जांच के लिए क्षेत्रीय व मुख्यालय स्तर पर दो टीमें गठित की गयी है। जिनकी रिपोर्ट केआधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
इनसेट में-
छह हजार एमटी कोयले का प्रतिदिन डिस्पैच
अनपरा। एनसीएल ककरी ओपेन कास्ट परियोजना है। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 2.1 मीलियन टन है। इसका 95 फीसद कोयला अनपरा तापीय परियोजना को जाता है। ककरी परियोजना की सीएचपी का निर्माण वर्ष1994-95 में किया गया था। सीएचपी का अत्यधिक पुराना व समय पर अनुरक्षण न होना घटना के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा है।
इनसेट:
अनपरा परियोजना को कोयले की नहीं होगी दिक्कत
अनपरा। उत्पादन निगम की 2630 मेगावाट स्थापित क्षमता की अनपरा की सभी सातों इकाईयों के पूर्ण क्षमता से उत्पादनरत होने की स्थिति में परियोजना को प्रतिदिन लगभग 42 हजार मीट्रिक टन कोयले की आवश्यकता पडती है। इस समय 500 मेगावाट क्षमता की सातवीं इकाई बंद चल रही है। ऐसे में परियोजना में कोयले की खपत भी कम है। अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में परियोजना के पास पांच लाख मीट्रिक टन कोयले का स्टाक है। यह एक पखवारे के लिए पर्याप्त है।