कोन थाना क्षेत्र के बरवाडीह में मारपीट में हत्या के आरोपी।
- फोटो : SONBHADRA
कोन। थाना क्षेत्र के बरवाडीह मे सोमवार की शाम पट्टीदारों के हमले में जान गवांने वाले उदय पासवान और उनकी पत्नी शीतला देवी के शव का दाह-संस्कार बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में गायघाट रामगढ़ में किया गया। पुलिस ने पांच आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। एक की तलाश जारी है। उदय पासवान का उसके पट्टीदारों से जमीन संबंधी विवाद वर्षों से चल रहा था। रविवार को दोनों पक्षों के बीच ईंट रखने को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन पीआरवी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था। पुलिस के लौटने के बाद फिर से मारपीट हो गई, जिसमें अत्याधिक चोट लगने से उदय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी को अस्पताल पहुंचा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। प्रकरण को लेकर लापरवाही बरतने को लेकर जहां थानाध्यक्ष, दो दारोगा और एक कांस्टेबल को निलंबित किया जा चुका है। वहीं उदय के पुत्र विनय के तहरीर पर छह के खिलाफ मामला दर्ज कर केवल पासवान, जितेंद्र, गब्बर, सिकंदर पुत्र केवल पासवान, केवल की पत्नी कौशल्या देवी को गिरफ्तार कर लिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एकलाख आलम की तलाश जारी है। प्रभारी थानाध्यक्ष लल्लन यादव ने बताया कि गांव मे शांति व्यवस्था कायम है। ऐतिहातन गांव मे पीएसी और पुलिस की ड्यूटी लगी हुई है। फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।