विकास खंड म्योरपुर के गड़िया ग्राम पंचायत के कुंभी बांध में रविवार को तीन मगरमच्छों के दिखने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ पर नियंत्रण की मांग की है। रिहंद जलाशय में इस वर्ष हुई अधिक बारिश की वजह से पानी बढ़ने के कारण गड़ियां गांव में रिहंद जलाशय का पानी घुस गया है।
ऐसे में जलाशय के पानी के साथ विशालकाय मगरमच्छों का आगमन भी गांव में हो गया है। रविवार को गांव के कुंभी बांध में पानी के किनारे खेत में मगरमच्छ देखे जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। तीन की संख्या में विशालकाय मगरमच्छ धूप होने के बाद बाहर निकले थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण दूर से ही उसे निहारत रहे। घंटे भर बैठे रहने के बाद वह फिर से पानी में चले गए। ग्रामीणों की मानें तो इसी रास्ते से स्कूल आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे व राहगीरों में भय की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना म्योरपुर रेंज कार्यालय को दे दी है।