जिले से सटे मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के परसौना में पारिवारिक बंटवारा को लेकर एक परिवार में मारपीट हो गई। एक पक्ष के किसी व्यक्ति की लाठी से अत्यधिक चोट लगने के कारण एक भाई की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पिता सहित दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार की देर शाम बंटवारे को लेकर उमाशंकर सोनकर के साथ उनके दो भाई जयशंकर व शिवशंकर एवं पिता कुन्नूलाल सोनकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि जयशंकर व शिवशंकर सहित कुन्नूलाल ने कुल्हाड़ी व लाठी, डंडे से उमाशंकर के सिर पर हमला कर दिया जिससे उमाशंकर सोनकर की मौके पर मौत हो गई। मारपीट की इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने सूचना खुटार चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले में पूछताछ करते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी कुन्नूलाल सोनकर, जयशंकर सोनकर, शिवशंकर सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बंटवारे को लेकर उमाशंकर से विवाद शुरू किया था। इससे पहले भी बंटवारे को लेकर कई बार विवाद हुआ है और चौकी में शिकायत भी दर्ज करायी गयी थी। टीआई बैढ़न अरुण पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।