अनपरा-पिपरी पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार की शाम बड़ी कामयाबी दर्ज की। डेढ़ माह पूर्व अनपरा-विंढमगंज इलाके से चोरी गई तीन बोलेरो की बरामदगी के साथ ही सरगना समेत तीन को दबोच लिया गया। चोरी के लिए रेकी में इस्तेमाल होने वाले बोलेरो की भी बरामदगी कर ली गई। सोमवार की शाम एसपी शिवशंकर यादव ने पुलिस लाइंस में गिरफ्तारी का खुलासा किया और कामयाबी पाने वाली टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की।
एसपी के मुताबिक रविवार को पिपरी सीओ सितांशु यादव, एसओ पिपरी भारत भूषण तिवारी और अनपरा एसओ शोभनाथ यादव की अगुवाई में अनपरा क्षेत्र के बेलवादह मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग की गई। शाम चार बजे के करीब अनपरा की तरफ से आती हुई एक बोलेरो को रोका गया तो उसमें चालक सहित तीनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ में तीनों को पिछले दिनों अनपरा-विंढमगंज से चोरी गई बोलेरो में संलिप्तता की बात सामने आई। तत्काल मामले की जानकारी एसपी को देने के साथ ही वाहन चला रहे अमरनाथ राजभर निवासी रसूलपुर, तबरदह, जगदंबा भारती (सरगना) निवासी अरद, थाना शाहगंज जौनपुर और अखंड प्रताप राजभर निवासी सूरहन कोटिया माट्रिनगंज बाजार, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ को अनपरा ले जाया गया। इनसे मिली पूछताछ के आधार पर रात में ही अनपरा-विंढमगंज से चोरी गए तीन वाहनों को बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में चोरी के वाहनों को आजमगढ़ सहित सूबे के कई जिलों में खपाए जाने की जानकारी तो दी ही है, इनके द्वारा कई वाहन पटना और गढ़वा में भी बेचे जाने की बात मालूम हुई है।
इसको लेकर छानबीन शुरू करा दी गई है।