सस्ते श्रृंगार का सामान बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य। -स्रोत: पुलिस।
सोनभद्र। सस्ते दर पर उच्च गुणवत्ता वाले शृंगार के सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पहले साख वाली (ब्रांडेड) कंपनी का उत्पाद दिखाता था। पैसे मिलने के बाद खराब गुणवत्ता वाली सामग्री से भरे डिब्बे, कार्टून उपलब्ध कराते थे। कोई उन्हें पकड़ने न पाए, इसके लिए पैसे मिलते ही वह उस क्षेत्र से गायब हो जाते थे। सोनभद्र में भी उनकी तरफ से ठगी किए जाने के दो मामले सामने आए तो साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। सोमवार की शाम लोढ़ी टोल प्लाजा से निकलते वक्त उन्हें ठगी के लिए इस्तेमाल कार बरामद की साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद मंगलवार की दोपहर तीनों का न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया।
कोन थाना क्षेत्र के नौडिहा निवासी गोविंद कुमार ने 27 फरवरी को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि उसके चाचा आशीष कुमार कोन थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में टेलर हैं। उनके साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने सस्ती शृंगार सामग्री बेचने के नाम पर लगभग 85 हजार की ठगी की है। 20 हजार यूपीआई के माध्यम से और शेष धनराशि नकद ली गई है। धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक साइबर डीके चौधरी की अगुवाई वाली टीम ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि इस गिरोह ने जिले में एक और ठगी की है। सीसीटीवी कैमरों ओर संदिग्ध मोबाइल नंबरों के जरिये ठगी के कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली कार की जानकारी जुटाई गई।
गढ़वा में मिली थी लोकेशन
उसके आधार पर आरोपियों के बारे में पता लगाया तो मालूम हुआ कि आरोपी इस समय गढ़वा में मौजूद हैं। मिल रहे लोकेशन के आधार पर उन पर नजर रखी जाने लगी। जैसे ही वह जिले से होकर गुजरे लोढ़ी टोल प्लाजा के पास घेरेबंदी कर दबोच लिया गया। बताते हैं कि पकड़े गए सगे भाई मोहम्मद रजा और शोएब खां निवासी नया गनी थाना नवाबगंज तथा जीशन निवासी रसूलाबाद थाना भोगांव जिला मैनपुरी से पूछताछ में पुलिस को ठगी से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। यूपी के साथ ही झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी उनकी तरफ से ठगी किए जाने की बात सामने आई है। प्रभारी निरीक्षक डीके चौधरी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इस गिरोह के तार कहां तक जुड़े हैं और कहां-कहां किनके साथ ठगी की गई है.. जानकारी जुटाई जा रही है।
साइबर ठगी के दो पीड़ितों को रुपये कराए गए वापस
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में ठगी के शिकार हुए दो पीड़ितों को संबंधित धनराशि उनके खाते में वापस करा दी गई है। एसएसआई संजय सिंह के मुताबिक मीना देवी पत्नी राजेंद्र सिंह निवासी मझौली थाना दुद्धी के खाते से साइबर ठगों ने 60 हजार उड़ा लिए थे। सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 12,703 रुपये वापस करा दिए गए। इसी तरह रशिदा इकबाल पत्नी मुनीर कुरैशी निवासी दुद्धी से नौकरी दिलाने के नाम 58,450 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की गई थी। तीन हजार वापस कराने में सफलता मिल गई है। शेष के लिए प्रयास जारी है।