ओबरा। स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ प्रांगण में बृहस्पतिवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शक्तिपीठ पर सुबह से ही भक्तों का रेला लगा रहा। भक्तों ने हवन, पूजन, भजन-कीर्तन किया। इस दौरान विभिन्न संस्कार संपन्न कराए गए।
गुरु शिष्य परंपरा पर प्रकाश डालते हुए आचार्य ब्रह्मानंद मिश्र ने बताया कि गुरु एक चेतन है। गायत्री परिवार प्रमुख मनमोहन शुक्ला ने बताया कि जो सद्गुरु के मार्ग पर चलता है, वह सद्गति को प्राप्त होता है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए आचार्य राम प्यारे सिंह ने कहा कि पूरे विश्व भर में गायत्री परिवार की एक लाख से अधिक शक्तिपीठ हैं और पांच लाख प्रज्ञा पीठ स्थापित की गई है। पूजन अर्चन के पश्चात भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीओ ओबरा हर्ष पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, ओबरा ताप विद्युत परियोजना गृह ब के महाप्रबंधक सोमनाथ मिश्रा, नगर पंचायत ओबरा के ईओ मधुसूदन जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष दुर्गावती देवी आदि रहे।
भाजपाइयों ने गुरुजनों का किया सम्मान
रेणुकूट। गुरु पूर्णिमा पर भाजपा रेणुकूट मंडल की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष नंदलाल के नेतृत्व में यह कार्यक्रम मुर्धवा स्थित बाल हनुमान मंदिर प्रांगण, खाड़पाथर में बौद्ध मंदिर, ग्रीनलैंड स्कूल में संपन्न हुआ। जिलाध्यक्ष नंदलाल ने कहा कि हम सभी के जीवन में गुरुओं का बहुत महत्व होता है। हम उन्हीं से सीख कर आगे बढ़ते हैं, इसलिए हमें उनका अवश्य सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चांद प्रकाश जैन, उत्तर प्रदेश पिछड़ा आयोग के सदस्य सत्येंद्र बारी, मंडल अध्यक्ष हरिराम शाह छवि, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय प्रताप सिंह, आशीष मिश्रा आदि रहे। समारोह के दौरान सभी गुरुजनों एवं शिक्षकों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।