सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक के समीप से घर के सामने खड़ी सेक्रेटरी की कार बुधवार की रात चोरी चली गई। चोरी की खबर मिलते ही पुलिस ने खोजबीन की लेकिन कार का पता नहीं चला। पीड़ित ने तहरीर दी है।
वाराणसी निवासी बृजेश कुमार सिंह ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वर्तमान में वह बढ़ौली चौराहा स्थित वैद्यनाथ प्रिंटिंग प्रेस के बगल में किराए के मकान में रहते हैं। बीती देर रात अज्ञात चोर उनकी सफेद रंग की कार चोरी कर ले गए। जबकि रात 12 बजे तक वह जग रहे थे, तब उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। बृहस्पतिवार की भोर चार बजे सोकर उठे तो कार नदारद देख उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन करने पर भी पता नहीं चला। कार चोरी की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग कराई लेकिन कार के बारे में पता नहीं चला।