घोरावल। नगर और आसपास के क्षेत्रों में न तो आधार कार्ड बन रहा है और न ही इसमें संशोधन का कार्य हो रहा है। इसके चलते विद्यार्थी परेशान हैं। नया आधार कार्ड या संशोधित आधार कार्ड न बनने से लोगों के कई आवश्यक कार्य नहीं हो पा रहे हैं। छात्रों ने बृहस्पतिवार को एसडीएम को मांगपत्र सौंप कर समस्या दूर कराने की मांग की।
परीक्षार्थियों एवं आम नागरिकों को जानकारी दी जा रही है कि नगर के इंडियन बैंक की शाखा खरुआंव (घोरावल) तथा उप डाकघर घोरावल में आधार कार्ड बन रहा है लेकिन जब वहां पर लोग पहुंचते हैं तो निराशा हाथ लगती है। बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे इंडियन बैंक की शाखा खरुआंव (घोरावल) पर छात्रों की भीड़ जमा हुई। यहां उन्हें बताया गया कि आधार कार्ड नहीं बन सकेगा। इतना ही सुनते ही छात्रों का एक दल नाराज होकर एसडीएम कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि शिक्षा क्षेत्र घोरावल के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा आठ से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राएं का आधार कार्ड के बिना पंजीकरण छात्रवृत्ति परीक्षा फार्म आदि कार्य पूर्ण रूप से बाधित है। विद्यालय या संस्थान कोई भी वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं दे रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में अंकुश कुमार, महेश, अंकुर पटेल, रविशंकर, सोनू गुप्ता, भीम, परम शीला, उर्मिला पाल, सूरज कुमार, प्रियंका, बबीता, रीना, विनीता, खुशबू ,प्रीति समेत कई छात्र उपस्थित रहे। एसडीएम जैनेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को एक सप्ताह में आधार कार्ड संबंधित समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है। कहा कि इंडियन बैंक के प्रबंधक और डाकखाने के प्रभारी को परिपत्र जारी कर समस्याओं के समाधान के लिए कहा गया है।