विंढमगंज। थाना क्षेत्र अंतर्गत बुटबेढ़वा ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने एक घर में घुसकर 40 हजार रुपये समेत लाखों का माल उड़ा दिया। घटना के वक्त परिजन बाहर गए थे। घनी आबादी के बीच हुई चोरी की घटना से लोग सहम गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बुटबेढ़वा गांव में शिव मंदिर से करीब 50 मीटर दूर अनिल चौरसिया का मकान है। एक जनवरी को अनिल अपनी बेटी का इलाज कराने परिवार समेत रांची गए थे। घर पर ताला बंद था। शुक्रवार की सुबह घर लौटे तो ताला टूटा था। पीड़ित के मुताबिक, आलमारी में रखे करीब तीन लाख के सोने-चांदी के आभूषण, 40 हजार नकदी सहित अन्य सामान चोर समेट ले गए। सूचना पर विंढमगंज पुलिस पहुंची और छानबीन की। घटनास्थल से दरवाजे का ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी मिली है। थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दवा के लिए नोयडा गया था परिवार, घर से नकदी और जेवरात चोरी
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के लोहांडी में चोरों ने एक घर से लाखों रुपये का माल उड़ा दिया। घर पर 15 दिनों से ताला बंद था। परिजन इलाज के लिए नोयडा गए हुए थे। चोरी की सूचना के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। करीब 10 लाख रुपये की चोरी का अंदेशा है।
गांव निवासी रामअवध शुक्ला के पुत्र नोएडा में सर्विस करते हैं। माता-पिता भी इन दिनों उपचार के लिए वहीं गए हुए हैं। इस कारण 15 दिनों से घर में ताला बंद था। इसी का लाभ उठाते हुए चोरों ने घर से लाखों का माल उड़ा दिया। शुक्रवार की सुबह घर के पिछले हिस्से के खेत में बक्सा टूटा मिला, जबकि कई सामान बिखरे हुए थे। खिड़की के शीशे भी टूटे थे। पूर्व ग्राम प्रधान अंजनी चौबे समेत ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस छानबीन में जुट गई है। आशंका है कि चोर बाउंड्री से अंदर घुसे। इसके बाद कमरों का ताला तोड़कर सामान निकाल लिया। लगभग 8 लाख के जेवरात समेत कुल 10 लाख रुपये की चोरी का अंदेशा जताया जा रहा है। कोतवाल कमलेश पाल ने बताया कि घरवालों के आने का इंतजार है। उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।