विंढमगंज। थाना क्षेत्र के मेन बाजार में मुडीसेमर रोड पर स्थित गिरजा शंकर पांडेय के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये जेवर चोरी कर लिया। शुक्रवार की दोपहर घर पहुंचे पांडेय के परिवार के लोग कमरों का हाल देखकर अवाक रहे गए। चोरों ने एक साइकिल और मनिहारी की दुकान से भी चोरी की है। मामले की सूचना थाना पुलिस को दे दी गई है।
मुड़ीसेमर गांव के रहने वाले गिरजा शंकर पांडेय अपने पूरे परिवार के साथ ओबरा में रहते हैं। उनके बच्चे भी वहीं पढ़ते हैं और वे वहीं काम करते हैं। शुक्रवार की शाम उन्होंने विंढमगंज थाना पुलिस को तहरीर दी कि उनके घर में चोरों ने चोरी कर ली है। तहरीर में कहा है कि वे ओबरा अपने परिवार के साथ रहकर बच्चों को पढ़ाता हूं तथा वहीं काम करते हैं। बीते एक माह से सपरिवार ओबरा में रह रहे थे।
शुक्रवार की दोपहर में होली पर्व के मद्देनजर अपने मकान मुडीसेमर रोड पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर अवाक रह गए। बताया कि घर के अंदर रखे बॉक्स को तोड़कर सोने के कंगन, मंगलसूत्र, अंगूठी, बाली, मांग टीका व चांदी का पायल, बिछिया के साथ साथ कपड़ा भी चोरों ने चोरी कर लिया है। चोरों ने घर को सुनसान पाकर करीब डेढ़ लाख रुपये तक के सामान आदि की चोरी कर लिया। उधर बाजार में भी चोरों ने एक साइकिल तथा मनिहारी की दुकान से टिकुली, सिंदूर, पाउडर भी चोरी किया है।
इस बाबत थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। चोरी कुछ संदिग्ध लग रही है। फिर भी गहनता के साथ जांच पड़ताल की जा रही है। चोरी करने वाले चोर जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे।