मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की बैढ़न कोतवाली पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 58 लाख कीमत से अधिक के इलेक्ट्रानिक्स सामग्री एलईडी, ड्रोन कैमरा, वीडियो कैमरा, लैपटॉप, महंगे मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस ऑफिस में प्रेस कांफ्रेंस कर एसपी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गत 29 जून को वार्ड नंबर चार मोरवा निवासी संतोष कुमार साहू का डेढ़ लाख रुपये का कीमती ड्रोन कैमरा बस स्टैंड के पास से चोरी हो गया था। इसी रात हर्रहवा निवासी दीपेश कुमार शाह के फोटो स्टूडियो से डेढ़ लाख रुपये का कीमती ड्रोन कैमरा शटर तोड़कर चोरी कर लिया गया था। 30 जून को राकेश शर्मा का कीमती ड्रोन कैमरा मस्जिद तिराहा के पास से अज्ञात बदमाशों ने बाइक से बैग समेत उड़ा दिया था। इन सभी चोरियों की शिकायत कोतवाली थाना बैढ़न में अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज था। कोतवाली क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की लगातार चोरी की वारदातों को देखते हुए एएसपी अनिल सोनकर और सीएसपी देवेश पाठक को मॉनिटरिंग सौंपी गई। मुखबिर की सूचना पर बैढन कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार पांडेय ने बिलौंजी से एक संदिग्ध को पकड़ा। वह दो कैमरे बेचने की फिराक में था। उसकी पहचान विंध्यनगर थानांतर्गत नवजीवन विहार निवासी रामभजन शाह के रूप में हुई। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की। उसके पास से 33 फोटो वीडियो एवं ड्रोन कैमरा, 153 मोबाइल सेट, 7 लैपटाप, 2 टीवी, एक पोर्टेबल डीवीडी, 15 डीजे लाइट, एम्पलीफायर, भारी संख्या में मोबाइल चिप, पेन ड्राइव, बैट्री सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है। बरामद सामानों की कीमत करीब 58 लाख रूपये है। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। इस मौके पर एडिशनल एसपी अनिल सोनकर, सीएसपी देवेश पाठक, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय, विंध्यनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी समेत टीम के पुलिस कर्मी मौजूद रहे।