सोनभद्र। जनपद में गैर प्रांतों एवं जिलों से आने वालों का सिलसिला जारी है। बुधवार को करीब 510 लोग बाहर से आए। इनकी थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य जांच के लिए जिला अस्पताल में भीड़ लग गई तो प्रशासन को सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने के लिए फोर्स लगानी पड़ी। जांच के बाद सभी को रोडवेज की बसों व अन्य संसाधनों से उनके घर भेज दिया गया। बुधवार को 28 और लोगों के सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजे गए। इस बीच 32 लोगों की रिपोर्ट भी आई है। सभी निगेटिव हैं। अब तक कुल 528 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 465 की रिपोर्ट आई है। इसमें एक पाजीटिव व अन्य निगेटिव मिले हैं।
मंगलवार की रात रोडवेज की बसों से करीब 250 लोग आर-आर पालीटेक्रिक कॉलेज हिंदुआरी, संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राबर्ट्सगंज क्वारंटीन सेंटर पर पहुंचे। बुधवार की सुबह एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण कर वहां पर तैनात मातहतों को स्वास्थ्य कर्मियों से थर्मल स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। दोपहर दो बजे तक बसों से एवं पैदल करीब 260 और लोग क्वारंटीन सेंटरों और जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीऔनिंग व अन्य जांच कराने पहुंचे। अस्पताल में अत्याधिक भीड़ होने से स्वास्थ्य कर्मियों को जांच करने में दिक्कत होने लगी। इसके चलते सोशल डिस्टेंस मेंटन करने के लिेए और पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने भीड़ बढ़ने की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल को वहां भेज दिया। उधर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय में स्वास्थ्य कर्मियों की जांच में 11 लोगों को निर्धारित से अधिक बुखार होने पर क्वारंटीन कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने बताया करीब 510 लोगों का थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद बसों से उन्हें घर भेजवा दिया गया। कहा कि अन्य जिलों से पैदल आ रहे लोगों की भी थर्मल स्क्रीनिंग करवा कर उन सभी लोगों को भी रोडवेज की बसों व अन्य वाहनों से घर भेजा जा रहा है।