अनपरा। चक्रवाती तूफान के कारण प्रदेश का मौसम ठंडा हो गया है। इसका असर बिजली की मांग पर पड़ने लगा है। इससे निगम की 6 और निजी क्षेत्र की 10 इकाइयों से उत्पादन 5 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। बीच-बीच में इकाइयों से थर्मल बैंकिंग भी कराई जा रही है। करीब एक सप्ताह से प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 22 हजार मेगावाट के आसपास चल रही है। इस कारण उत्पादन निगम की हरदुआगंज की सातवीं इकाई, पनकी की पहली और पारिछा की तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठवीं इकाई एवं निजी क्षेत्र की बजाज एनर्जी लिमिटेड की 10 इकाइयों को 5 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है।
इसके साथ ही मांग कम होने के कारण बीच-बीच में निगम सहित निजी क्षेत्र की इकाइयों से उत्पादन कम कर दिया जा रहा है। बुधवार की देर रात पीकआवर में बिजली की अधिकतम मांग 21918 मेगावाट पर पहुंच गई। इस दौरान अनपरा तापीय परियोजना से 1137 मेगावाट की थर्मल बैंकिंग कराई गई।