जिले के नगरीय निकायों में सोमवार को संभव दिवस का आयोजन हुआ। इसमें पथ प्रकाश, सफाई, जल निकासी से संबंधित 26 प्रार्थना पत्र आए। सभी का निस्तारण कराया गया। रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका में अध्यक्ष रुबी प्रसाद ने जन सुनवाई की। नगर के वार्ड 12 निवासी विनोद शर्मा ने इमरती पोखरा के समीप जल निकासी की शिकायत की। वार्ड 20 के माता प्रसाद ने भी जल निकासी को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
भागलपुर की ममता ने हर घर नल योजना का कनेक्शन कराने की मांग की। इसके अलावा नगर पंचायत घोरावल में दो, चुर्क घुर्मा में दो, चोपन में पांच, ओबरा में एक, रेणुकूट में तीन, पिपरी में चार, दुद्धी में तीन, डाला बाजार में दो, अनपरा में दो सहित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल व मार्ग प्रकाश से संबंधित सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि जनता की समस्याओं से रूबरू होने व उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता किया जा रहा है। इस मौके पर सभासद और नगर पालिका कर्मी शामिल रहे।