जिले में बेपटरी हो चुकी वितरण प्रणाली व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए मंगलवार को जिला महिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने डीएसओ के नाम उनके कार्यालय में मांगपत्र सौंपा।
चेतावनी देते हुए कहा कि तत्काल नियमानुसार कार्डधारकों को अनाज और केरोसिन का वितरण शुरू नहीं किया गया तो जिलापूर्ति विभाग के खिलाफ सड़क पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा।
दोपहर करीब 12 बजे जिलाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलापूर्ति अधिकारी के नाम डीएसओ कार्यालय में मांगपत्र सौंपा।
संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि अधिकांश कोटेदार कार्डधारकों को सही ढंग से अनाज, केरोसीन और चीनी का वितरण नही कर रहे हैं। सबसे अधिक दुरूह और नक्सल क्षेत्र के कार्डधारकों का शोषण किया जा रहा है।
जिले में स्थित कई पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल मेें घटतौली की जा रही है। इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर में भी घटतौली की जा रही है।
गैस सिलेंडर की होम डिलेवरी नही की जा रही है। जबकि उपभोक्ताओं से होम डिलेवरी का भी चार्ज लिया जा रहा है। कहा कि सारे कमियों को तत्काल ठीक नही किया गया तो कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर जिला सचिव ममता, शीला, आशा, रेखा, सरस्वती, विद्यावती, लीलावती, चंचला मौजूद रहीं।