21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस को लेकर जिले के लोगों में उत्साह है। मंगलवार को एनसीएल के मोरवा स्थित स्टेडियम में कई संगठनों के आह्वान पर जुटे लोगों ने योग का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में सिंगरौली विकास मंच के साथ कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, गायत्री परिवार, रेडक्रास सोसाइटी, भारतीय जनता पार्टी, अमन फाउंडेशन का योगदान सराहनीय रहा।
स्टेडियम में मौजूद लोगों को अजय भरतिया एवं शंभू वर्मा ने आयुष मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देश के मुताबिक सभी को योग दिवस का पूर्वाभ्यास कराया।
भरतिया ने बताया कि 21 जून को जिले में 84 स्थानों पर योग दिवस मनाने की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दिन जिला मुख्यालय बैढ़न में स्थित चूनकुमारी स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर एनसीएल के महाप्रबंधक एजे रेड्डी, दधीलाल सिंह, संजय प्रताप सिंह, वीरेंद्र गोयल, भूपेंद्र गर्ग, सतीश उप्पल आदि मौजूद रहे।