बीना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मिसरा के भैरवां पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की शाम हाइवा की चपेट में आने से मृत महिला की शिनाख्त शुक्रवार को भी नहीं हो पाई। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को कुछ जानकारी मिली है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक मृत महिला बाइक पर सवार होकर शक्तिनगर से बीना की ओर जा रही थी। भैरवां पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार गिर पड़े। सड़क पर गिरी महिला को हाइवा ने कुचल दिया। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे हाइवा चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उधर, मौका पाकर बाइक सवार युवक सड़क पर गिरी बाइक उठाकर मृत महिला को छोड़कर बीना की ओर भाग गया। मृत महिला कौन थी, कहां से आ रही थी कोई कुछ नहीं बता पा रहा। विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप व अन्य माध्यमों से मृत महिला की फोटो भेजकर पुलिस शिनाख्त कराने की कोशिश में जुटी है। बीना पुलिस चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि महिला का शव शक्तिनगर संजीवनी चिकित्सालय मोर्चरी में रखवा दिया गया है। 72 घंटे तक शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।