राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरारी गांव में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने शिव प्रसाद पांडेय के मकान को खंगाल दिया। चोर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी उठा ले गये। शुक्रवार को घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शुक्रवार की रात करीब दस बजे गोरारी गांव निवासी शिव प्रसाद पांडेय सपरिवार मकान के अगले हिस्से में सो गए। अर्धरात्रि के बाद चोर मकान के पिछले हिस्से से छत पर चढ़ कर मकान के अंदर घुसे। चोरों ने बक्सों का ताला तोड़ उसमें रखे जेवर, नकदी समेत अन्य सामान चुरा ले गए। शनिवार की सुबह करीब पांच बजे मकान मालिक समेत परिवार के अन्य सदस्यों की नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। एसएसआई ऐश खां ने बताया कि पीड़ित ने करीब दो लाख के सोने-चांदी के आभूषण और हजारों रुपये नकद चोरी होने की तहरीर दी है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह का कहना है कि चोरों को पकड़ने के लिए सिटी सीओ राजकुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में स्वाट, सर्विलांस ,एसओजी टीम और सदर कोतवाली पुलिस को लगाया गया है।