दुद्धी। क्षेत्र की रजखड़ घाटी में दो दिन पहले पलटे ट्रक में 50 लाख रुपये की शराब लदी थी। तस्कर खराब चावल की बोरियों के नीचे शराब छिपाकर पंजाब से झारखंड ले जा रहे थे। आरोपियों ने ट्रक पर नंबर प्लेट भी फर्जी लगाई थी। पुलिस और आबकारी विभाग की जांच के बाद ट्रक मालिक, चालक, ट्रांसपोर्टर समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हाथीनाला-दुद्धी मार्ग पर मंगलवार को ट्रक अनियंत्रित होकर रजखड़ घाटी में पलट गया था। जांच में पाया गया कि चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की खेप लादी गई थी। ट्रक के पलटने से तिरपाल फट गई थी और शराब की बोतलें टूटकर बाहर आ गई थीं। 326 पेटियाें और 169 बोरियों में 15669 बोतल शराब (कुल मात्रा 5960.265 लीटर) बरामद हुई थी। आबकारी विभाग ने बरामद शराब अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है।
सीओ राजेश राय ने बताया कि ट्रक की केबिन से बरामद बिल्टी, टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल में दर्ज वाहन का नंबर वास्तविक ट्रक नंबर से भिन्न गया गया। इस मामले में ट्रक मालिक आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र निवासी रवींद्र नाथ यादव, ट्रक चालक अज्ञात, श्रीराम इंटरप्राइजेज समयपुर दिल्ली और कृष्णा ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट पैकर्स एंड मूवर्स अशोक विहार दिल्ली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद