ऊर्जांचल सहित पूरे जिले में पारे के गिरने का क्रम बना हुआ है। रविवार को न्यूनतम पारा 5.2 डिग्री रहा। इसके चलते सुबह-शाम के साथ ही पूरी रात जबरदस्त ठंड रही। हालांकि दिन में अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचने तथा धूप खिलने के चलते राहत रही।
पिछले कई दिनों से जिले में पारे का छह डिग्री से नीचे लुढ़कने का क्रम बना हुआ है। वहीं सर्द हवाओं की मार जनजीवन पर भी है। ठंड की स्थिति यह है कि सुबह दस बजे के बाद ही लोग घरों से निकल रहे हैं।
रविवार को अवकाश होने के कारण ज्यादातर लोगों ने अपना समय घर में ही बिताया। हालांकि दोपहर में धूप में तेजी के चलते अधिकांश लोगों ने घरों से बाहर निकलकर अपना जरूरी कामकाज निबटाया।
गर्म कपड़े की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। हालांकि राबर्ट्सगंज, अनपरा, शक्तिनगर, रेणुकूट, मधुपुर, घोरावल, शाहगंज, आदि जगहों पर स्थित बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों पर अलाव की व्यवस्था मुकम्मल न होने से लोगों को ठिठुरते हुए साधन का इंतजार करना पड़ रहा है।