त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विजय हासिल करने वाले 629 ग्राम प्रधानों और 7831 ग्राम पंचायत सदस्यों ने रविवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। आठों ब्लॉक परिसर में अधिकांश जगहों पर खंड विकास अधिकारियों ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ लेने के दौरान प्रधान उत्साह से लबरेज नजर आए। ग्राम पंचायतों की पहली खुली बैठक 26 दिसंबर को होगी। सुरक्षा के मद्देनजर ब्लॉक के प्रवेश द्वार पर फोर्स तैनात रही।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे नवनिर्वाचित प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों ने पद और गोपनीयता का शपथ लेकर कार्यभार ग्रहण किया। ब्लॉकों के प्रवेश द्वार पर तैनात फोर्स सर्वप्रथम सिर्फ प्रधानों को अंदर जाने दिया। इसके बाद सदस्यों को जाने की अनुमति दी गई।
राबर्ट्सगंज ब्लॉक परिसर में सदर एसडीएम हर्षदेव पांडेय ने 140 प्रधानों को शपथ दिलाई। उन्होंने सदर ब्लॉक में सर्वाधिक मत से चुनाव जीतने वाली ग्राम पंचायत कम्हारी की प्रधान उर्मिला सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उर्मिला 537 मत से जीत हासिल कर दूसरी बार प्रधान बनी हैं। शपथ ग्रहण समारोह मेें ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार, बीडीओ हरिश्चंद्र प्रजापति, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, सपा जिला सचिव गया सिंह यादव, प्रधान शमशेर बहादुर सिंह, मोहन पांडेय, राजेश सोनी, डॉ. बिमलेश सिंह, मुकेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
बभनी प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक कार्यालय परिसर में बीडीओ दिवाकर सिंह ने 40 ग्राम प्रधान और 503 ग्राम पंचायत सदस्यों को बारी-बारी से शपथ दिलाई। यहां पर 512 ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या है, लेकिन नौ पद रिक्त हैं। यहां पर मई और जून माह में चुनाव कराए जाने की संभावना है। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। इस मौके पर एडीओ पंचायत लालजी देव पांडेय, अवनीश कुमार आदि रहे।
दुद्धी : ब्लॉक कार्यालय परिसर में बीडीओ डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी ने 60 ग्राम प्रधान और 784 ग्राम पंचायत सदस्यों को बारी-बारी से शपथ दिलाई। चोपन : ब्लॉक कार्यालय पर बीडीओ लालव्रती यादव ने 61 ग्राम प्रधानों में से 60 लोगों को एवं 829 ग्राम पंचायत सदस्यों में से 823 ग्राम पंचायत सदस्यों को बारी-बारी से शपथ दिलाई। नई ग्राम पंचायत कुड़ारी का गठन न होने की वजह से वहां के प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख निलिजा सिंह, एडीओ पंचायत शारदा यादव, आदि मौजूद रहे।
घोरावल : ब्लॉक मुख्यालय पर घोरावल तहसीलदार दिनेश चंद्र मिश्र ने चार चक्र में 144 ग्राम प्रधान और 1734 सदस्यों को बारी-बारी से शपथ दिलाई। दो ग्राम पंचायतों ऊंचका और बरसोत में गठन न होने की वजह से शपथ नहीं दिलाई गई। इस मौके पर घोरावल एसडीएम कैलाश सिंह, नायब तहसीलदार अनिल वर्मा आदि रहे।
रामगढ़ : चतरा ब्लॉक कार्यालय पर बीडीओ प्रवीणानंद ने 60 प्रधान में से 59 को और 702 सदस्यों में से 697 को शपथ दिलाई। रतहरा ग्राम पंचायत में सदस्यों की कमी की वजह से गठन नहीं हुआ। ग्राम प्रधानों और सदस्यों को कुर्सी के अभाव में जमीन पर बैठना पड़ा। इस मौके पर एडीओ पंचायत रामअवध मिश्रा मौजूद रहे।
खलियारी: नगवां ब्लॉक कार्यालय पर बीडीओ सुनील कुमार सिंह ने 52 प्रधानों में से 48 और 610 ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। चार ग्राम पंचायतों मझुई, नगवां, डोरियां और पनिकप कलां के ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव पूर्ण न होने की वजह से शपथ नहीं दिलाई गई।
इस मौके पर एडीओ पंचायत सुरेश तिवारी, चौथी बार चुने गए बरहमोरी प्रधान राजकुमार सिंह, तीसरी बार चुने गए मांची प्रधान विजय कुमार एवं चरगड़ा प्रधान मुहम्मद युसुफ, दूसरी बार रिकार्ड मतों से विजयी हुए सरईगाढ़ प्रधान वीरेंद्र, डोरिया प्रधान चंदन प्रसाद मौजूद रहे।