पर्यटन विभाग ने बजट के लिए शासन को भेजा प्रस्ताव
- फोटो : अमर उजाला
आठ करोड़ की लागत से ऊर्जांचल में मिनी गोवा के नाम से चर्चित बेलवादह सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूरत संवारी जाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग की तरफ से डीएम के जरिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। वहां से बजट मंजूर होने के बाद चिन्हित स्थलों की तस्वीर बदलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों को लेकर पहचान रखने वाले सोनभद्र में जगह-जगह प्राकृतिक सुषमा का भंडार है लेकिन अभी तक इसे पर्यटन की दृष्टि से पूरी तरह संवारने का काम पूरा नहीं हो सका है।
नए सरकार के गठन के बाद पर्यटन विभाग की तरफ से जिले के प्रमुख स्थलों की तस्वीर संवारने की कवायद तेजी से शुरू कर दी गई है।
इसमें अनपरा से सटे रिहंद डैम स्थित बेलवादह पिकनिक स्पाट, रेणुकूट-हाथीनाला के बीच स्थित आमी जल प्रपात स्थल पर बोटिंग की व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण, पूर्वांचल के सबसे बेहतर प्रपात का दर्जा रखने वाले मुक्खा फाल के आस-पास रेलिंग एवं सौंदर्यीकरण, दुद्धी इलाके के जोरकहू पहाड़ स्थल के सौंदर्यीकरण एवं बोटिंग का प्रस्ताव बनाया गया है।
इसी तरह दुनिया का अजूबा कहे जाने वाले फासिल्स के संरक्षण के लिए उसके उपर सेट, फासिल्स पार्क के उपरी हिस्से में चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण की भी कार्ययोजना बनाकर मंजूरी के लिए भेजी गई है।
उधर, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजेश कुमार का कहना था कि बेलवादह सहित जिले के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों की तस्वीर संवारने की योजना बनाई गई है और डीएम के जरिए इसका प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया है।
फिलवक्त इस पर आठ करोड़ का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है। शासन स्तर से भी प्रस्ताव पर दिलचस्पी दिखाई गई है। पूरी उम्मीद है कि जल्द बजट स्वीकृत हो जाएगा।