जिले के आठों ब्लाकों में गुरुवार को जन कल्याण शिविर लगाया गया। नोडल अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनी।
बभनी ब्लाक के वैना गांव में किसी बात से नाराज होकर एक एएनएम ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। विरोध में ग्रामीण शिविर का बहिषकार कर नारेबाजी करने लगे। अधिकारियों ने एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
सांगोबांध संवाददाता के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे शिविर में काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उसी वक्त स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगे स्टाल को एक व्यक्ति ने धक्का दे दिया।
इससे नाराज होकर एएनएम ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। पिटाई से नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी करने के साथ ही एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सुनवाई कर रहे सेक्रेटरी पार्थराज सिंह ने ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत कराया।
चुर्क संवाददाता के अनुसार राबर्ट्सगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत अरौली, चुर्क और कूरा और दुद्धी ब्लाक के महुली गांव में गुरुवार को जन कल्याण शिविर लगा कर अधिकारियों ने समस्याएं सुनी। स्वास्थ्य विभाग ने रोगियोें को निशुल्क दवा दी, वहीं बिजली कर्मियों ने नए कनेक्शन जारी किए।
चुर्क में नोडल अधिकारी के रूप में जिला मनोरंजन कर अधिकारी वीवी सिंह, लेखपाल बृज बिहारी, सेक्रेटरी नरेश सिंह, दिवाकर उपाध्याय मौजूद रहे। उधर, महुली संवादाता के मुताबिक महुली में नोडल अधिकारी उपेंद्र पांडेय ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
सुनवाई के दौरान कई श्रमिकों ने मनरेगा के तहत काम करा कर मजदूरी न दिए जाने की शिकायत की। नोडल अधिकारी ने श्रमिकों को संबंधित अधिकारी से वार्ता कर शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया।