चोपन। आरपीएफ चोपन के हत्थे चढ़ा तार चोरी का आरोपी बृहस्पतिवार को चकमा देकर फरार हो गया। पेशी पर प्रयागराज ले जाते समय वह चुनार के पास ट्रेन से कूद गया। आरपीएफ टीम उसकी तलाश में जुट गई है। कमांडेंट ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की बात कही है।
ओबरा के सेक्टर 10 निवासी करन को आरपीएफ ने रेलवे लाइन किनारे स्थित तारों की चोरी के मामले में पकड़ा था। उसे बृहस्पतिवार की सुबह मूरी एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज स्थित रेलवे पुलिस से जुड़े कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपी को प्रयागराज पहुंचाने के लिए आरपीएफ एसआई निरंजन मिश्रा एवं सिपाही महेश यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। ट्रेन जैसे ही चुनार स्टेशन के नजदीक पहुंची, आरोपी ने शौचालय जाने की बात कही। उसे शौचालय की तरफ जाने दिया गया। वह शौचालय से बाहर निकलता, इससे पहले ही ट्रेन चुनार रेलवे स्टेशन पहुंच गई। ट्रेन के स्टेशन पर खड़ी होने पर आरोपी शौचालय का दरवाजा खोलते हुए हथकड़ी सहित फरार हो गया। साथ गए रेलवे पुलिस के दरोगा और सिपाही ने कुछ देर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। घटना की जानकारी आरपीएफ पोस्ट चोपन पर पहुंची। इसके बाद चुनार आरपीएफ पुलिस के साथ चोपन आरपीएफ इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह की अगुवाई वाली टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली चुनार से भी संपर्क साधते हुए आरोपी की तलाश कराई जाती रही। इस संबंध में आरपीएफ कमांडेंट धनवाद अनुराग मीणा ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।