सोनभद्र। जिला मुख्यालय स्थित सोनभद्र रेलवे स्टेशन जल्द ही बदले स्वरूप में नजर आएगा। यहां एयरपोर्ट की तर्ज पर सुविधाएं मिलेंगी। करीब सात करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। नए स्टेशन भवन का एक हिस्सा सितंबर तक बनने की उम्मीद है। भवन बनने से कई सुविधाएं अक्तूबर से यात्रियों को मिलने लगेंगी। प्लेटफाॅर्म समेत भवन में डिस्प्ले बोर्ड लगाने का काम चल रहा है।
सोनभद्र रेलवे स्टेशन पहले रॉबर्ट्सगंज के नाम से जाना जाता था। करीब तीन साल पहले रेलवे मंत्रालय ने इसका नाम बदला है। अमृत भारत योजना के तहत सोनभद्र रेलवे स्टेशन का चयन कर इसे एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इस योजना के तहत नया रेलवे स्टेशन भवन, सड़क, वाहन पार्किंग का निर्माण एवं लाइटिंग का कार्य कराया जा रहा है। अमृत भारत योजना के तहत करीब सात करोड़ से रेलवे स्टेशन का विकास कराया जा रहा है। स्टेशन पर एग्जिट-एंट्रेंस के लिए अलग-अलग गेट का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 90 प्रतिशत से अधिक काम हो गया है। सितंबर माह तक स्टेशन भवन का एक हिस्सा बनकर तैयार होने की उम्मीद है। भवन का एक हिस्सा तैयार होने के बाद नए भवन में मशीनों की शिफ्टिंग का काम कराया जाएगा। इसके बाद आगे पुराने भवन का हिस्सा ढहाया जाएगा। बता दें कि अमृत भारत योजना के तहत नए स्टेशन भवन का काम मार्च 2025 तक पूरा किया जाना था, मगर अब इसकी तिथि बढ़ाकर दिसंबर तक की गई है।
डिस्प्ले बोर्ड पर मिलेगी ट्रेनों की लोकेशन
सोनभद्र रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफाॅर्म, टिकट काउंटर के साथ ही मुख्य भवन में डिस्प्ले बोर्ड लगाने का काम चल रहा है। नया भवन तैयार होने पर मशीनों की शिफ्टिंग कराते हुए इसे चालू किया जाएगा। इससे ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की सूचना डिस्प्ले बोर्ड पर मिलने लगेगी। कोच इंडीकेटर की सुविधा भी शुरू होने से यात्रियों को सहूलियत होगी।
वाहन पार्किंग पर चल रहा काम
अमृत भारत योजना के तहत सोनभद्र रेलवे स्टेशन के पास सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। स्टेशन के पास में वाहन पार्किंग का कराया जा रहा है। इससे वाहन खड़े करने में सहूलियत होगी। रेलवे स्टेशन के मुख्य भवन से उत्तर तरफ भवन निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।
फुट ओवरब्रिज का हो रहा निर्माण कार्य
अमृत भारत योजना में चयनित सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर नए भवन निर्माण के साथ ही फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी चल रहा है। करीब 50 फीसदी काम पूरा हो गया है। फुट ओवरब्रिज का काम पूरा होने के बाद यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म पर आने-जाने में सुविधा होगी। अभी यात्रियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
अमृत भारत योजना में चयनित सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर करीब सात करोड़ की लागत से काम चल रहा है। सितंबर तक भवन के एक हिस्सा का काम पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मशीनों की शिफ्टिंग होगा और सुविधाएं बढ़ेंगी। इसका लाभ यात्रियों को मिलेगा। -अमित कुमार, जनसंपर्क अधिकारी-उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज।