प्रदेश की सबसे बड़ी अनपरा परियोजना में गुरुवार की सुबह 210 मेगावाट की दूसरी इकाई अचानक ठप हो गई। तीसरी इकाई एक दिन पहले से ही ट्रिप चल रही है।
उधर, अनुरक्षण कार्य के चलते लैंको पावर की बंद चल रही छह सौ मेगावाट की दूसरी इकाई को उत्पादन पर आने में एक सप्ताह से अधिक की देर बताई जा रही है। इससे सूबे के ऊर्जा क्षेत्र में खलबली की स्थिति बनी हुई है।
अनपरा परियोजना के अ तापगृह की 210 मेगावाट की तीसरी इकाई बुधवार की सुबह ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण ट्रिप हो गई थी। अभियंता फाल्ट दुरुस्त कर इस इकाई को फिर से उत्पादन पर लेने की कवायद में जुटे थे कि इसी बीच गुरुवार की सुबह आठ बजे के करीब दूसरी इकाई में भी ब्वायलर ट्यूब लीकेज की समस्या आ गई,
जिससे यह इकाई भी ठप हो गई। इससे परियोजना का उत्पादन गिरकर 1180 मेगावाट पर जा पहुंचा। तीसरी इकाई के भी लाइटअप होने में एक से दो दिन की देर लगने की उम्मीद है।
उधर, लैंको पावर (अनपरा सी) में अनुरक्षण पर चल रही छह सौ मेगावाट वाली दूसरी इकाई अभी भी बंद पड़ी हुई है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष (पावर) एके श्रीवास्तव ने बताया कि ओवरहालिंग का कार्य जारी है।
इस इकाई को 18 फरवरी तक उत्पादन पर आने की उम्मीद है। इन तीन इकाइयों के बंद होने से एक हजार मेगावाट बिजली की कमी का झटका लगा है। इससे जहां शक्ति भवन तक हड़कंप की स्थिति है।