सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रॉबर्ट्सगंज में फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन की सड़क फिर उखड़ गई है। करीब दो माह पहले ही इस सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन बारिश के बाद ही सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। नगर की मुख्य सड़क हाेने के बाद भी इसकी गुणवत्ता और रख-रखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सावन माह में इसी मार्ग से कांवड़ियों का जत्था भी गुजरता है।
सर्विस लेन की बदहाली लंबे समय से बनी हुई है। पिछले साल जलनिगम की ओर से पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी। काम पूरा होने के बाद महीनों तक मरम्मत नहीं कराई गई। विरोध प्रदर्शन और हंगामा हुआ तो उच्चाधिकारियाें के निर्देश पर जलनिगम ने सड़क दुरुस्त कराई। कार्य में मानक की अनदेखी का असर रहा कि कुछ दिनों में ही सड़क जगह-जगह टूट गई। गड्ढामुक्ति अभियान के तहत अप्रैल-मई में सड़क के गड्ढे भरे गए थे। जलनिगम के ठेकेदार ने गड्ढों में गिट्टी, मिट्टी डालकर लेपन कराया। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद फिर से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं।
उरमौरा से बढ़ौली चौराहे की तरफ आते समय पांच सौ मीटर के बीच 20 से ज्यादा गड्ढे हैं। बारिश का पानी भरने के बाद गड्ढों की गहराई का अंदाजा न होने से ई-रिक्शा और बाइक सवार इसमें फंसकर घायल हो रहे हैं। यही हाल कोतवाली गेट, रोडवेज स्टैंड, ब्रह्मनगर जाने वाले मार्ग और चंडी तिराहा के पास भी है। लोगों के मुताबिक, सड़क तो बनाई जा रही है लेकिन जलनिकासी का इंतजाम न होने से बार-बार यह समस्या उत्पन्न हो रही है।
कांवड़ यात्रा वाले मार्ग पर सड़क के गड्ढे पूर्व में भरवाए गए थे। सर्विस लेन की सड़क की भी मरम्मत कराई गई थी। लगातार तेज बारिश से कुछ जगहों पर सड़क खराब हुई है। इसे ठीक कराने के लिए कार्यदायी संस्था को पत्र भेजा गया है। -शैलेश सिंह ठाकुर, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड।