गाजे-बाजे के साथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यकर्ताओं का पथ संचलन कार्यक्रम रविवार को राबर्ट्सगंज के हाईडिल मैदान में संपन्न हो गया। इसमें कार्यकर्ताओं को जनसेवा का संकल्प दिलाया गया।
उन्हें विभिन्न तरह का अभ्यास भी कराया गया। हाइडिल से पथ संचलन करते हुए स्वयं सेवक मेन चौक, न्यू मार्केट, बढ़ौली चौक, सिविल लाइंस रोड होते हुए पुन: हाइडिल मैदान पहुंचे और सभा की। नगर में जगह-जगह पुष्पों की वर्षा कर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया।
प्रांत कार्यवाहक बांकेलाल ने कहा कि गणवेश संघ की पहचान है। देश में हिंदुओं की घटती जनसंख्या चिंता का विषय बनने लगी है। वर्तमान परिवेश में संघ के शाखा की सर्वाधिक उपादेयता है जहां राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाया जाता है, जब हमारा मन राष्ट्र के साथ एकाकार होता है तो इस देश में राणा प्रताप, शिवाजी, भामाशाह जैसे देश भक्त पैदा होते हैं।
संघ स्थान परेड या कवायद करने का स्थान नहीं है। समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में योग्य, देश भक्त, ईमानदार नागरिक होने चाहिए, इसका निर्माण संघ की शाखाओं पर होता है।
कहा कि राष्ट्र विरोधी शक्तियां अनेक प्रकार का प्रलोभन देकर समाज को तोड़ने का प्रयास करती हैं, परंतु संघ का स्वयं सेवक जाति, पाति आदि से ऊपर उठकर केवल राष्ट्रभाव से एकाकार हो जाता है। कहा कि हिंदू राष्ट्र शक्तिशाली होने पर देश को विखंडित होने से रोका जा सकता है।
जिला कार्यवाहक धनंजय, जिला प्रचारक श्रवण, हर्ष, नंदलाल, पंकज, राधारमण, गणेश देव पांडेय, आलोक सिंह, कीर्तन, सांसद छोटेलाल खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे, धर्मवीर तिवारी, अशोक मिश्रा, माला चौबे आदि मौजूद रहे।