सोनभद्र। दिल्ली से 17 जून को यहां आए 29 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डा. एसके उपाध्याय ने की है। इस बीच पिछले दिनों संक्रमित मिले राबर्ट्सगंज तहसील में तैनात तीन लेखपालों व सात वर्षीय बच्ची समेत चार लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो गए हैं। इसके साथ ही अब तक पाजिटिव मिले 32 लोगों में से 29 इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। रविवार को पाजिटिव मिले हर्ष नगर राबर्ट्सगंज निवासी युवक को भी मधुपुर स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ के मुताबिक मधुपुर कोविड केयर सेंटर में पहले से छह मरीज भर्ती थे। जिसमें से चार मरीज रविवार को स्वस्थ होकर घर लौट गए। यहां दो मरीजों का इलाज चल रहा था। इस बीच रविवार को संक्रमित मिले व्यक्ति को यहां भर्ती करने के बाद संख्या तीन हो गई है। उधर, रविवार को भी गैर प्रांतों व जनपदों से आने वालों के सैंपल लेने का काम जारी रहा। रविवार को कुल 59 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए जबकि 110 लोगों की रिपोर्ट भी आई। अब तक कुल 3715 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 3390 की रिपोर्ट आई है। जिसमें 32 पाजिटिव और 3358 निगेटिव मिले हैं।