कोयले की पर्याप्त उपलब्धता का असर विद्युत उत्पादन पर भी दिखने लगा है। देश के सबसे बड़े बिजलीघर एनटीपीसी विंध्याचल में गुरुवार को तेरह में से छह इकाइयों ने अब तक का सबसे ज्यादा बिजली (113.33 मिलियन यूनिट) उत्पादन कर नया रिकार्ड बनाया। इसके साथ ही किसी बिजली घर में एक दिन में सबसे ज्यादा विद्युत उत्पादन का रिकार्ड बन गया।
4760 मेगावाट वाले विंध्याचल विद्युतगृह में 210 मेगावाट की छह (पहली से छठीं), पांच सौ मेगावाट की सात (सातवीं से तेरहवीं) यूनिट स्थापित हैं। परियोजना के एजीएम जनसंपर्क स्निग्धा गोस्वामी के मुताबिक इसमें से 210 मेगावाट वाली पहली इकाई से (102 प्रतिशत), छठवीं से (100.03 प्रतिशत), पांच सौ मेगावाट वाली सातवीं से (103.17 प्रतिशत), नौवीं से (100.90 प्रतिशत), दसवीं (101.23 प्रतिशत) और तेरहवीं से (101.83 प्रतिशत) कुल 113.33 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन हुआ, जो एक नया कीर्तिमान है।
उधर, इस परियोजना के कार्यकारी निदेशक एसके रॉय ने उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसका श्रेय परियोजना अधिकारियों-कर्मियों को दिया है और आगे भी इसी तरह का जज्बा बनाए रखने को कहा है।