फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत पर जलभराव ने बढ़ाई परेशानी

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। उमसभरी गर्मी के बीच शुक्रवार को झमाझम बारिश से लोग झूम उठे। पूरे दिन रुक-रुककर हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई तो सड़कों पर जगह-जगह जलभराव ने मुसीबत भी बढ़ा दी। नगर के कई मोहल्लों में पानी भरने से लोग परेशान रहे। गंदे पानी के बीच आवागमन करते राहगीर जलनिकासी की अव्यवस्था के लिए नगर पालिका के जिम्मेदारों को कोसते रहे।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की रात बारिश के बाद सुबह आसमान साफ था। कुछ देर के लिए धूप भी निकली। सुबह दस बजे के बाद मौसम ने फिर करवट ली। झमाझम बारिश शुरू हो गई। पूरे दिन रुक-रुककर तेज बरसात होती रही। लोग बारिश में भीगते हुए सड़कों पर आवागमन करते रहे। तेज बरसात ने नगर पालिका के जलनिकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। बारिश से पहले नालों की सफाई को लेकर कई दावे किए गए थे, मगर समय से सफाई पूरी न होने के कारण उन मोहल्लों में फिर से पानी लग गया, जो पहले से ही इससे जूझते आ रहे हैं। नगर के धर्मशाला चौक, अंबेडकरनगर, नई बस्ती, उत्तर मोहाल, विकासनगर सहित अन्य इलाकों में सड़कों पर पानी लगने से राहगीरों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। फ्लाईओवर के पानी निकासी के लिए पाइप लगाने का कार्य पूर्ण न होने से सर्विस लेन से गुजर रहे लोगों के ऊपर पानी गिरता रहा। इससे भी लोगों में काफी नाराजगी दिखी।
बारिश से किसान खुश, खेती ने पकड़ी रफ्तार
तेज बरसात से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। नहरों के सूखने और बांधों में पानी न होने से कृषि कार्य बाधित था। साधन संपन्न किसानों ने अपने स्रोतों से नर्सरी डाल दी थी। अन्य किसानों को बारिश का इंतजार था। शुक्रवार की बारिश के बाद जाेर-शोर से किसान नर्सरी डालने में जुट गए हैं। वहीं जो किसान पहले से नर्सरी डाल चुके थे, वह अब रोपाई की तैयारी में जुट गए हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण मिश्र के मुताबिक यह बारिश खेती के लिए काफी फायदेमंद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें