सोनभद्र। श्रीराम दरबार अखाड़ा शोभायात्रा समिति की बैठक शनिवार की देर शाम को राबर्ट्सलगंज नगर स्थित प्रमोद गुप्ता के आवास पर हुई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इस साल कोरोना महामारी की वजह से नगर में शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि 13 अप्रैल को चैत्र नवरात्र के पहले दिन भारतीय नव वर्ष मनाया जाएगा। नवरात्रि से पहले पूरे नगर को भगवामय बनाने के लिए कमेटी के सदस्यों द्वारा टोली बनाई गई और टोली प्रत्येक हिंदू परिवारों के घरों में भगवा ध्वज लगाने का काम करेगी। धर्मवीर तिवारी ने कहा कि वर्तमान में करोना महामारी पूरे देश में व्याप्त है। कोरोना के कारण बहुत तेजी से लोगों के ऊपर प्रभाव पड़ रहा है। कई वर्षो से चली आ रही श्री राम दरबार अखाड़ा द्वारा भव्य श्री राम शोभायात्रा रामनवमी के शुभ अवसर पर निकाली जाती है। लेकिन इस साल महामारी के कारण शोभायात्रा लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्थगित कर दी गई है। कमेटी सदस्यों द्वारा भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। भगवान के जन्म का प्रसाद पूरे नगर में वितरण किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से जितेंद्र सिंह, संगम गुप्ता, आलोक सिंह, हर्ष अग्रवाल, मनोज जालान, नीरज, कीर्तन, हरीश, अशोक, आनंद मिश्रा, पवन, सौरव, श्याम उमर, राहुल शर्मा, सत्यम सोनी, अखिलेश कश्यप, अनूप पांडेय, योगेश सिंह आदि मौजूद रहे।