सोनभद्र। मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा व्यवस्था ध्वस्त करने की साजिश रचने वालों का अभी सुराग नहीं लग पाया है। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे इस बात का अंदाजा लग गया है।
इस खेल में मेडिकल कॉलेज से जुड़ा कोई व्यक्ति भी शामिल हो सकता है। फिलहाल कॉलेज प्रबंधन इस मसले पर कुछ भी कहने से बच रहा है। एक संदिग्ध की पहचान करने के साथ ही, घटना वाली अन्य जगहों के भी सीसी टीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में पिछले चार-पांच दिनों से व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश बनी हुई थी। छुट्टी पर गए प्राचार्य प्रो. आनंद कुमार शनिवार को लौटे तो पता चला कि ब्लॉक बी के ऑपरेशन थिएटर के एसी कंट्रोल पैनल रूम में किसी ने शुक्रवार की तड्के घुसकर सेंट्रल एसी से जुड़े सभी तार काट दिए।
इससे दो ऑपरेशन थिएटर के साथ ही गैलरी, सर्जरी वार्ड सहित तीन हजार स्क्वायर फीट से अधिक एरिया के लिए एसी की सुविधा बंद हो गई। इसके साथ ही पता चला कि शनिवार की भोर में ब्लाक ए पर लगे सोलर पैनल के भी तार किसी ने खंड-खंड करके काट दिए हैं।
29 अप्रैल को ब्लाक सी में बिजली आपूर्ति और ब्लॉक बी में पेयजलापूर्ति ठप करने के पीछे भी इसी तरह करतूत सामने आने का दावा किया गया।
प्रबंधन का कहना था कि जिस तरह से पाइपलाइन को क्षति पहुंचाई गई और तार काटे गए उससे यह बात स्पष्ट है कि यह काम किसी अराजक तत्व का नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
मौके पर दिख रही परिस्थितियां भी कुछ इसी तरह की कहानी बयां कर रही थी। अब सीसीटीवी फुटेज के जरिये जिस तरह से एक संदिग्ध का चेहरा सामने आए है, उसको देखते हुए इस बात की भी संभावना जताई जाने लगी है कि इस साजिश के तार मेडिकल कॉलेज से ही जुड़े किसी व्यक्ति से जुड्ते दिखाई दे सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध व्यक्ति की तरफ से काटा गया केबल, संवाद