पंचायत चुनाव के तहत दूसरे चरण के प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान के लिए 441 पोलिंग पार्टियां सोमवार को रवाना कर दी गईं। इस चरण में चोपन और दुद्धी ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में मतदान होना है।
चुनाव को देखते हुए इन इलाकों से सटे पड़ोसी बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्यों की सीमाएं सील कर दी गई हैं। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दूसरे चरण का चुनाव चोपन और दुद्धी ब्लॉक में एक दिसंबर की सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा जो सांय चार बजे तक चलेगा।
चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने 42 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 11 जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।
उन्होंने मजिस्ट्रेटों को प्रत्याशियों के कार्यप्रणाली पर नजर रखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन कर प्रचार, प्रसार करने वालों विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
सोमवार की सुबह आठ बजे से दुद्धी ब्लॉक परिसर से जिला विकास अधिकारी सुनील श्रीवास्तव, एसडीएम डा. विश्राम यादव और बीडीओ डा. प्रभात द्विवेदी की देखरेख में 72 मतदान केंद व 153 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होना शुरू हुई। वहीं चोपन ब्लॉक ब्लाक परिसर से 136 मतदान केंद्र व 288 मतदेय स्थल के लिए पार्टियां रवाना हुई।
दोपहर करीब दो बजे तक सभी पार्टियां निजी वाहनों से मतदेय स्थलों के लिए निकल चुकी थी। शाम तक सभी पार्टियां मतदेय स्थलों पर पहुंच चुकी गई थीं।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि चोपन ब्लॉक में 288 और दुद्धी ब्लॉक में 153 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई है। मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों को रहने, भोजन, रोशनी, शुद्ध पेयजल आदि का समुचित व्यवस्था की गई है।